सहारनपुर। जनमंच सभागार में नगर निगम बोर्ड की बैठक हुई, जिसमें निगम कार्यकारणी से पारित मेला गुघाल के बजट 2024-25 का अनुमोदन बोर्ड द्वारा किया गया। मेले गुघाल से अनुमानित आय 3.38 करोड़ रखी गई, जबकि अनुमानित व्यय 85.16 लाख रुपये रखा गया है। कई मुद्दों पर पार्षदों की नोकझोंक भी हुई।
बृहस्पतिवार को बैठक में एजेंडे में रखे गए सभी प्रस्ताव चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पारित किए गए। बोर्ड बैठक में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत निगम में सदन कक्ष, निगम के नए भवन, टाउन हाल निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये की मांग के लिए शासन को भेजने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया। मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए संयोजक व सहसंयोजक नियुक्त करने का अधिकार महापौर को दिया गया। बैठक में जलकल विभाग से संबंधित मुद्दों, हाउस टैक्स, सफाई कर्मचारियों की कमी को देखते हुए कर्मचारियों की अविलंब भर्ती कराने, शहर से अतिक्रमण हटवाने, लिपिकों का पटल परिवर्तन, एलईडी लाइटों के खराब होने और उन्हें बदलवाने, जल संरक्षण, विभिन्न वार्डो में शमशान घाटों में व्यवस्थाएं दुरुस्त और कब्रिस्तान की चारदीवारी कराने सहित विभिन्न मुद्दों पर पार्षदों ने चर्चा की और नोकझोंक भी हुई। सदन में उपसभापति मुकेश गक्खड़, दल नेता संजय गर्ग, पार्षद दिग्विजय चौहान, मंसूर बदर, अभिषेक अरोड़ा टिंकू, अमित त्यागी, ज्योति अग्रवाल, राजेंद्र कोहली, राजकुमार, अमित त्यागी, अहमद मलिक, राजू सिंह, शबाना प्रवीण, महमूद हसन, इमरान मौजूद रहे।