सहारनपुर। गागलहेड़ी पुलिस ने पिकअप चालक राजकुमार की हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। रुपयों के लेनदेन में हत्या की गई थी। चालक के चेहरे, सीने और गर्दन पर वार किए गए थे। हत्यारोपियों से मोबाइल, बैंक पासबुक, आधार कार्ड और हत्या में इस्तेमाल किए जैक बरामद किया है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि 15 अक्तूबर को उग्राहू गांव निवासी राजकुमार पिकअप से नर्सरी से पौधे लेकर पंजाब के पटियाला गए थे लेकिन वापस नहीं लौटे। उनकी पत्नी सोनम ने गुमशुदगी और हत्या की आशंका जताते हुए गागलहेड़ी थाने में तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की थी। जांच में सामने आया कि राजकुमार की हत्या उनके परिचित शोएब निवासी खाताखेड़ी, उसके साथियों शमीम निवासी मवीखुर्द खेड़ा और दिलशाद उर्फ सोनू निवासी मोहल्ला करीम बख्श जलालाबाद जिला शामली ने की थी।
-
ऐसे हुआ खुलासा
पूछताछ में मुख्य आरोपी शोएब ने बताया कि उसने राजकुमार से कैंटर गाड़ी खरीदी थी। इसके 45 हजार रुपये उसने नहीं चुकाए थे। बार-बार रुपये मांगने पर शोएब ने नाराज होकर अपने साथियों के साथ हत्या की साजिश रची। आरोपी शोएब ने बताया कि 16 अक्तूबर की रात वह अपने साथियों के साथ राजकुमार को पटियाला से लौटते समय कलानौर (हरियाणा) में रोककर उसकी गाड़ी में बैठ गया।
सहारनपुर लौटते समय अंबाला रोड एक रिसोर्ट के पास गाड़ी रोककर तीनों ने राजकुमार से मारपीट की। शोएब ने लोहे के जैक से राजकुमार के चेहरे, सीने और गर्दन पर वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। आरोपियों ने उसे मरा समझकर सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से भाग निकले। पता लगने पर पुलिस ने राजकुमार को अस्पताल ले गए, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी।