शाकंभरी देवी में माता के दर्शनों को कतार में लगे श्रद्धालु
शाकंभरी। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में बुधवार को चैत्र नवरात्र पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंच कर माता रानी के दर्शन किए। इससे पहले मंगलवार की पूरी रात शाकंभरी मंदिर के कपाट खुले रहे।सुबह से ही मां के दर्शनों को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। चतुर्दशी बुधवार को सुबह 9.19 तक थी। इसके बाद बाद पूर्णिमा शुरू हो गई जो बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे तक रहेगी। इससे पहले मंगलवार को चतुर्दशी तिथि पर राज परिवार की परंपरा के अनुसार पूरी रात्रि सिद्धपीठ के कपाट खुले रहे। मान्यता है कि चतुर्दशी की रात्रि में मां भगवती शेर पर सवार होकर मंदिर में आती है और किसी बिरले भक्त को ही मां दर्शन देती है।
बृहस्पतिवार यानि आज मां का श्रंगार कर विधि विधान से पूजा अर्चना करने के बाद राज परिवार की रानी देवलता द्वारा अपने तीनों बेटों राणा आदित्य प्रताप सिंह, सानिध्य प्रताप सिंह, आतुल्य प्रताप सिंह के साथ मां भगवती को कढ़ाई भोग अर्पित कर मेले का समापन किया जाएगा।