सहारनपुर। सदर बाजार थानाक्षेत्र के मोहल्ला खलासी लाइन के रहने वाले एक युवक ने मंगलवार की देर रात कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि युवक किराये पर ई रिक्शा चलाता था। किराया नहीं देने पर मंगलवार को मालिक के लोगों ने उसकी ई-रिक्शा को जब्त कर लिया। जिससे आहत होकर उसने आत्महत्या की है।
खलासी लाइन के बिहारीलाल का अहाता निवासी सोनू उर्फ कमल(35) पुत्र तेजपाल किराये पर लेकर ई-रिक्शा चलाता था। उसकी पत्नी ने बताया कि उसका पति दो माह से ई-रिक्शा का किराया जमा नहीं किया था। मंगलवार को मालिक के लोग उससे ई-रिक्शा छीन कर ले गए थे। मंगलवार की देर रात करीब साढ़े 12 बजे वह आया और उसने पत्नी को इसकी जानकारी दी। रात में उसने कमरे में ही फांसी लगा कर आत्महत्या कर दी। उधर, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। कारण क्या रहा इसकी जानकारी नहीं है। परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।