संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। अब उन हजारों लोगों का पक्के घर का सपना पूरा होगा जो अपना पक्का घर होने का सपना संजोए थे। पात्र व्यक्ति पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण वर्ष 2014 में शुरू हुई थी और करीब डेढ़ साल पहले इसका पहला चरण पूरा हुआ था। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में मकान बनाने के लिए पात्र को 1.5 लाख और शहरी क्षेत्र में 2.5 लाख रुपये की धनराशि सरकार देती है।
योजना के पहले चरण में सहारनपुर जनपद में 32 हजार 811 परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। इनमें नगर निगम क्षेत्र के 19 हजार 696 मकान पूरे हुए हैं। 1500 से अधिक आवेदन पेंडिंग हैं।
सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से दूसरा चरण शुरू कर दिया था लेकिन उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण के आवेदन शुरू नहीं हो सके थे। अब दूसरे चरण में पक्का मकान पाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पात्र व्यक्ति आधिकारिक पोर्टल pmaymis.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।