गांव गदरहेड़ी में तालाब के रुप में तब्दील हुई सड़क
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर (सहारनपुर)। जिला पंचायत द्वारा बनाई गई सीसी सड़क में जल निकासी की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण पिछले दस दिन से गांव गदरहेड़ी की मुख्य सड़क पर आबादी से निकला गंदा पानी भरा है। इससे लोगों का घरों से निकलना दुश्वार हो गया है। पीड़ितों ने डीएम से मिलकर समस्या का समाधान कराने की गुहार लगाई है।
मुजफ्फराबाद ब्लॉक के गांव गदरहेड़ी में दो जुलाई को जिला पंचायत द्वारा सीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। ग्रामीण फूल सिंह, सतीश सिंह, सोमपाल गुप्ता, राजपाल, रजनीश, संदीप और मोहन आदि का कहना है कि सीसी सड़क पहले वाली सड़क को बिना तोड़ उसी पर ऊंची उठा कर डाल दी गई है। ना ही सड़क से दोनो तरफ नाले का निर्माण किया गया है। इस कारण गांव की आबादी से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी अवरुद्ध हो गई और पानी सड़क पर भर गया। पिछले दस दिन से घरों से निकलने वाला गंदा पानी मुख्य सड़क पर जमा हो रहा है, जिस कारण सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। घर से बाहर तक निकलना मुश्किल हो गया है। गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे संक्रामक रोग भी फैलने का खतरा बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश होती है तो यह पानी उनके घरों तक में घुस जाएगा।
शनिवार को गांव से जगमाल सिंह, सोमपाल सिंह, फूल सिंह, सतीश, रजनीश आदि ग्रामीणों ने समाधान दिवस पर डीएम अखिलेश सिंह से मिल कर समस्या के निदान की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि उक्त सड़क से गंदे पानी की निकासी गांव के उत्तर में स्थित तालाब में कराने की व्यवस्था की जाए। डीएम के निर्देश के बाद जिला पंचायत के अवर अभियंता ने मौके पर पहुंच वस्तुस्थिति का अवलोकन करते हुए जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन ग्रामीणों को दिया।