गंगोह कोतवाली में प्रार्थना पत्र लेकर सीओ के समक्ष पेश हुआ बाढ़ीमाजरा का बदमाश बिलाल
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। साहब अब में कोई अपराध नहीं करूंगा तथा मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन करूंगा। यह कहते हुए बदमाश अपनी मां के साथ कोतवाली में सीओ के सामने पेश हुआ तथा भविष्य में अपराध से तौबा की।
गांव बाढ़ी माजरा निवासी बिलाल बृहस्पतिवार को अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंचा। उसने हाथ में पोस्टर ले रखा था कि वह अब अपराध की दुनिया से तौबा कर शांति की जिंदगी जीना चाहता है। उसे माफ कर दिया जाए, जिससे वह मेहनत मजदूरी कर जिंदगी जी सके। सीओ चंद्रपाल शर्मा के सामने उसने अपनी बात कही। सीओ चंद्रपाल ने शांति पूर्वक जीवन जीने की इच्छा पर उसे शाबासी देते कहा कि वह अपनी मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करे तथा अपराध की दुनिया से दूर रहे तो पुलिस उसे कुछ नहीं कहेगी। उसके प्रार्थना पत्र को लेकर उन्होंने कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह को दे दिया तथा उसे घर जाने की छूट दे दी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बिलाल पूर्व में दो बार जेल जा चुका है। उस पर दुष्कर्म सहित एनडीपीएस एक्ट के आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।