सहारनपुर। पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस के दिल में अंबानी व अडाणी नहीं, बल्कि देश बसता है। उनके नेता राहुल गांधी हर वर्ग और गरीब के बारे में सोचते हैं। इसी क्रम में गौरव संवाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई है। अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में जाकर कांग्रेस कार्यकर्ता चौपाल लगाएं और मांग पत्र भी भरवाएंगे।
गुरुद्वारा रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में इमरान मसूद ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस केंद्र में सरकार बनाएगी। राहुल गांधी की यात्रा के बाद से देशभर में लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उनकी पार्टी जातिगत जनगणना के पक्ष में है। सरकार आने पर जातिगत जनगणना होगी। जिन राज्यों में हमारी सरकार बनी है, वहां जनगणना हो भी रही है। बाबा साहब डाक्टर भीमराव आंबेडकर के सपनों को कांग्रेस ही पूरा कर रही है।
जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा ने कहा कि दलित समाज उत्थान के लिए संघर्ष करने वाले कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस नौ अक्तूबर से 26 नवंबर संविधान दिवस तक अभियान जारी रहेगा। इन क्षेत्रों रात्रि में चौपालों का भी आयोजन होगा। इस दौरान उमा भूषण, काजी शौकत हुसैन, रणवीर सिंह चौहान, सोनू पठान, मनीष त्यागी, आरिश सिद्दीकी, नसीब खान, नीरज कपिल मौजूद रहे।