सफाई करने के बाद की ढमोला नदी।
- फोटो : संवाद
सहारनपुर। अमर उजाला में समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर निगम ने ढमोला नदी में मशीन उतारकर भारी मात्रा में तैर रहा प्लास्टिक कचरा बाहर निकलवाया। इसके अलावा जिन नालों का जिक्र किया गया था। उन्हें भी साफ कराया गया है।
बरसात से पहले नालों की सफाई कराई जाती है। नगर निगम ने 15 मार्च से अभियान शुरू किया हुआ है, जो 20 मई तक चलेगा। इसके बावजूद अनेक नालों में कचरा और सील्ट जमा है। अमर उजाला ने इसको लेकर अभियान चलाया। पहले दिन 15 मई को रायवाला, पुराना कलसिया रोड और चिलकाना रोड के नालों की गंदगी को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया गया।
इसके बाद 16 मई को ढमोला नदी में राकेश टाकीज के पास फैले प्लास्टिक कचरे और पांवधोई की गंदगी लेकर समाचार प्रकाशित किया गया। नतीजा यह हुआ कि नगर निगम ने 15 मई को प्रकाशित नालों और 16 मई को प्रकाशित ढमोला नदी के गंदगी से भरे फोटो और समाचारों का संज्ञान लिया। सभी नालों और ढमोला नदी से कचरा निकलवाया गया। ढमोला नदी से ज्यादातर कचरा मशीन से खींचकर नए बन रहे पुल के नीचे साइड में इकट्ठा किया गया है, जबकि कुछ कचरा बाहर भी निकाला गया है।