-देवबंद। अप्रैल माह में आयोजित होने वाले श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को नगरपालिका में एसडीएम युवराज सिंह की अध्यक्षता में खेल तमाशों के टेंडर की बोली कराई गई, जिसमें हरिद्वार के ठेकेदार ने 29.50 लाख रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर टेंडर अपने नाम छुड़ा लिया।
खेल तमाशों के टेंडरों की बोलियों की नगरपालिका द्वारा वीडियोग्राफी भी कराई गई। मेला चेयरमैन महक चौहान ने बताया कि गत वर्ष 26 लाख 50 हजार रुपये में खेल तमाशों का ठेका छूटा था। इस बार नियमानुसार 10 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ हरिद्वार के ठेकेदार ने 29 लाख 50 हजार रुपये की सर्वाधिक बोली लगाई है। जिसके बाद उन्हें खेल तमाशों का ठेका दे दिया गया। मेला चेयरमैन ने बताया कि इस बार मेले में फ्री पास की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है।
झूलों के टिकटों के रेट कम किए जाएंगे, ताकि गरीब आदमी भी झूलों का आनंद उठा सके। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर ईओ डॉ. धीरेंद्र कुमार रॉय, सभासद मनोज सिंघल, विपिन त्यागी, आरिफ अंसारी, विकास चौधरी, अकबर व सुंदरलाल सैनी आदि मौजूद रहे।