सहारनपुर में बसपा के कद्दावर नेता डा. धर्मसिंह का टिकट कटने के बाद जिले में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। विधायक के समर्थक भी हाईकमान के निर्णय के खिलाफ बागी तेवर अख्तियार करने लगे हैं।
इसी के तहत सरसावा में शनिवार को नकुड़ यूनिट के पदाधिकारियों ने किसी दूसरे प्रत्याशी को स्वीकार किए जाने पर ऐतराज जताया और सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।
सरसावा स्थित केके पैलेस में बसपा के नकुड़ विधानसभा क्षेत्र के संगठन पदाधिकारियों की मीटिंग में जोरदार ढंग से मांग उठाई गई कि उन्हें डॉ. धर्म सिंह के अलावा दूसरा प्रत्याशी स्वीकार नहीं है।
जहां भी डॉ. धर्म सिंह रहेंगे, उनके साथ पूरी टीम रहेगी। अगर बसपा हाईकमान उनका टिकट वापस नहीं करता है तो वे संगठन के लिए काम नहीं कर सकते।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख ऋषिपाल ने कहा की बसपा की नकुड़ विधानसभा कमेटी डॉ. धर्म सिंह सैनी के साथ है। कुछ बसपा नेताओं ने षड्यंत्र रच कर गलत आंकड़े पेश कर उनका टिकट कटवाया है। वे इसका विरोध करते हैं।
विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सतीश ने कहा कि दूसरे प्रत्याशी के साथ काम करना संभव नहीं होगा। इसके बाद विधानसभा क्षेत्र प्रभारी, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष, विधानसभा क्षेत्र के सभी 31 सेक्टर अध्यक्ष, 10 महासचिव और 62 ग्राम प्रधान, जिसमें 50 दलित प्रधान हैं ने विधानसभा क्षेत्र कमेटी से इस्तीफा दे दिया।
आपको बता दें कि तीन दिन पहले बसपा हाईकमान ने नकुड़ विधायक डा. धर्म सिंह सैनी को विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाने से इनकार कर दिया। करीब दो महीने पहले उनकी भाभी की तेरहवीं में स्वामी प्रसाद मौर्य के पहुंचने से बसपा हाईकमान में नाराजगी थी।
मायावती की रैैली के बाद हुए इस फैसले के पीछे कई कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि डा. धर्म सिंह सैनी के अगले राजनीतिक कदम पर अब सियासतदां की नजर टिकी हैं।
पिछले 15 वर्षों से लगातार विधायक रहे धर्म सिंह सैनी रविवार को सहारनपुर पहुंचेंगे और माना जा रहा है कि इसके बाद ही वह आगे की रणनीति तय करेंगे।
इस्तीफा देने वालों में पूर्व ब्लाक प्रमुख ऋषिपाल, विधानसभा अध्यक्ष सतीश कुमार, महासचिव डॉ. दिनेश कल्याण, जिला प्रभारी अरविंद कुमार, महासचिव मांगेराम कश्यप, अजित इंद्राज, प्रधान हरीचंद्र, राजेश, डीके चौधरी, राकेश चेयरमैन, सतपाल प्रधान, राजेश प्रधान, राजकुमार, सेफ
जमाली, राव शहीद सदर, राजेंद्र प्रसाद, अनुराग, विनोद सहगल, दिग्विजय, प्रीतम सिंह प्रधान, सुभाष, दाताराम, नितिन कल्याण, सुमित, सतीश कुमार, सतीश प्रधान, कृपाल सिंह, जोगेंदर सिंह, जगपाल दिवान, जसवीर मास्टर आदि शामिल हैं।