सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव भी सपा कांग्रेस गठबंधन से लड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जब-जब गठबंधन किया है वह सत्ता में आई है बिना गठबंधन के हमने हार का सामना किया है। गुलाम नबी आजाद ने रविवार को रामपुर मनिहारान सुरक्षित सीट से सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी विश्वदयाल उर्फ छोटन की गांव भांकला और बेहट सीट से नरेश सैनी की मुजफ्फराबाद में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
जिलाध्यक्ष शशि वालिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने हमेशा नफरत पैदा करने व लडाने की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि उनका सीधा मुकाबला बसपा से है। सहारनपुर जनपद की सातों सीटे सपा, कांग्रेस के खाते में ही जाएगी।
मुजफ्फराबाद में गुलाम नबी ने कहा कि वोटर गुमराह न हों और अफवाहों पर ध्यान न दें। आरएसएस के आदमी अफवाह फैलाने का काम करते हैं। कांग्रेस ने देश को विकास के पथ पर अग्रसित करने का काम किया है।
उन्होंने गठबंधन प्रत्याशी नरेश सैनी को जिताकर विधान सभा में भेजने की अपील की। राव फजलुर्रहमान, बोबी कर्णवाल, आबिद हसन, ठा. श्यामबीर सिंह, पप्पू, विजय कश्यप, जगदीश, करेशन, जमील फोरमैन, दिनेश मैनवाल, नासिर अहमद, नरेंद्र चौधरी ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता चौधरी तेज सिंह एवं संचालन तनवीर ने किया।