कुलदीप और विकास ने राशन डीलर ओमपाल से बच्चे का सौदा दो लाख रुपये में तय किया था। पैसे बच्चा मिलने पर दस दिन बाद देने थे। एसएसपी डाक्टर विपिन टांडा ने बताया कि कुलदीप और विकास पूरे दिन शहर में बच्चे की तलाश में घूमते रहे। इस दौरान रेलवे स्टेशन के पास इनको बच्चे की एक गरीब महिला हीना घूमती मिली। कुलदीप और विकास ने हीना से कहा कि उन्हें बच्चे को पैसे दान में देने हैं। तुम्हारी गोद में बेटी है या बेटा है।
हीना ने बताया कि उसके दो बेटियां है और गोद में सात माह का पुत्र शिवा है। इसके बाद आरोपियों ने शिवा के नाम से हीना को 50 रुपये दिए। रेलवे स्टेशन से हीना खेमका सदन इस उम्मीद में पहुंची थी कि उसे वहां चल रहे शादी समारोह में आने जाने वालों से कुछ रुपये मिल जाएंगे। वह जब खेमका सदन के पास बैठी थी, तभी से आरोपी भी उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गए और कुलदीप उससे बच्चा छीन कर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी।
बच्चा चोरी करने वाले आरोपी- फोटो : SAHARANPUR
एसएसपी ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए कोतवाली सदर बाजार और एसओजी सहित तीन टीमों को लगाया गया था। कुलदीप ने हीना की आंखों में मिट्टी फेंककर शिवा को छीना था और विकास के साथ कार में लेकर उसे फरार हो गया था। कुलदीप और ओमपाल को उनके गांवों से गिरफ्तार किया गया है।
मां बोली, योगी सरकार की पुलिस का धन्यवाद
बच्चे के बरामद होने पर पुलिस लाइन में बोली, वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की पुलिस का धन्यवाद करती है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई उसके शिवा को उसे सौंप दिया। एसएसपी डा. विपिन ताडा ने सात माह के शिवा को अपनी गोद में लेकर दुलारा।
हीना ने एसएसपी को बताया कि शिवा दो माह से बीमार चल रहा है, जिसका इलाज देहरादून चौक पर क्लीनिक चलाने वाले एक चिकित्सक के यहां चल रहा है। एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से कोतवाली सदर बाजार पुलिस को बच्चे का चिकित्सक के यहां ले जाकर अच्छी तरह चेकअप कराने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: Baghpat: अवैध वसूली की विडियो वायरल होने पर निवाडा चौकी प्रभारी समेत पांच सस्पेंड
राशन डीलर के नहीं है बेटा
एसएसपी ने बताया कि ओमपाल के कोई पुत्र नहीं है और एक बेटी है। ओमपाल ने विकास टंडन को कहीं से बच्चा दिलाने के लिए कहा था। इसके बाद विकास टंडन ने कुलदीप के साथ मिलकर बच्चे को अगवा किया। विकास टंडन अभी फरार चल रहा है, जिस कार का वारदात में इस्तेमाल किया गया, वह भी विकास के पास है। पुलिस टीमें विकास की गिरफ्तारी को दबिश दे रही हैं।