मुजफ्फराबाद। खेत में लकड़ी लेने गए मुजफ्फराबाद निवासी राजबीर (60) का शव बिजलीघर के पीछे पड़ोसी किसान कुलदीप के खेत में पड़ा मिला। चेहरा खून से लथपथ था, जिस पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस कार्डियक अरेस्ट या ब्रेन हेमरेज की बात कह रही है।
राजबीर के बेटे प्रीतम ने बताया कि बुधवार दोपहर दो बजे उसके पिता खेत पर लकड़ी लेने गए थे। इसके बाद वह देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। हालांकि राजबीर की साइकिल रास्ते में अशोक के खेत में खड़ी मिल गई। यहां से आगे रास्ता खराब है और साइकिल नहीं ले जाई जा सकती है। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे परिजन फिर तलाश में निकले। बिजलीघर के पीछे साइकिल मिलने वाले स्थान से 100 मीटर दूर एक खेत में राजबीर का शव पड़ा मिल गया। चेहरा खून से सना हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। एसओ फतेहपुर विनय शर्मा और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रीतम ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसके पिता मजदूरी करते थे। किसी के साथ रंजिश नहीं थी। आशंका है कि उनकी हत्या की गई है। राजबीर के सात बच्चों में दो बेटों तथा एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि चार अविवाहित हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है।
वर्जन
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। प्राथमिक जांच में ब्रेन हेमरेज लग रहा है। फिलहाल जांच की जा रही है।
- प्रिया यादव, सीओ