सहारनपुर में तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर खंभे से टकराने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार तीसरा युवक गंभीर रुप से घायल हो गया।
एक ही गांव के दो युवकों की मौत से वहां कोहराम मच गया। उधर, मृतकों के परिजनों ने बिना कार्रवाई शव को साथ ले गए। जबकि तीसरे युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव बितीया के तीन युवक अनिल पुत्र धर्मा (26), मनीष पुत्र रमेश (20) और संजय पुत्र हरि सिंह (19) अपनी रिश्तेदारी में जानखेड़ा गए थे। वहां से तीनों बाइक पर गांव लौट रहे थे, गांव के बाहर ही बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई।
जिसमें अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दोनों घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दो अन्य घायल युवकों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान मनीष पुत्र रमेश की भी मौत हो गई। जबकि संजय की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना पर मौके पर पहुंचे मृतकों के परिजन बिना कार्रवाई के शव ले गए। गांव में हुई दो मौत के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। उधर पुलिस का कहना है घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों के मुताबिक युवक तेज गति से बाइक चला रहे थे।
पुलिया पर बाइक को मोड़ते हुए उनकी बाइक सड़क किनारे खंभे से टकराने से हादसा हुआ है। चालक ने हेलमेट भी नहीं पहना था, यदि उसने हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी।
जानखेड़ा से लौटते वक्त बाइक सवार पुलिस के तीव्र मोड़ के खतरे से अनजान थे। यही कारण है कि तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवारों ने स्पीड को कम करना जरूरी नहीं समझा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोड़ पर बाइक की रफ्तार तेज होने से वह अनियंत्रित हो गई और सीधे खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गिरते ही एक युवक ने दम तोड़ दिया।