नानौली में आग से जला गृहस्थी का सामान
- फोटो : SAHARANPUR
साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। बेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव नानौली में सोमवार की शाम आग लगने से आठ गरीब परिवारों के टीन शेड व फूस के घर जल गए। ग्रामीणों ने अपने संसाधनों से ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। ग्रामीणों के अनुसार आग से नकदी, अनाज, जेवरात, कपड़े, बर्तन सहित दस लाख का सामान जल गया। सूचना के ढाई घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
आग सबसे पहले शाम करीब चार बजे कादिर के टिन शेड के घर की दीवारों पर लगे फूस में लगी। तेज हवा चल रही थी, इसलिए कुछ ही देर में आग आसपास के नदीम, शब्बीर, समीम, यासीन, वसीम, मोहम्मद उमरद्दीन और नाजिम के फूस की छतों के मकानों तक जा पहुंची। भयंकर लपटों के बीच ग्रामीण कोई भी सामान नहीं बचा सके। तहसील प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पास के गांव बरथा असलमपुर से पानी के टैंकर भेजे गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत की, लेकिन सफल नहीं हुए। शाम साढ़े छह बजे करीब ढाई घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने फायर ब्रिगेड कर्मचारियों का विरोध किया। ग्रामीणों ने बताया कि शब्बीर की बेटी की एक महीने बाद शादी होनी है। शादी के लिए जुटाया गया सारा सामान जल गया। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की है।
नानौली में आग से जलकर गिरी टीन शेड और सामान- फोटो : SAHARANPUR
आग से जले रुपये दिखाती महिला- फोटो : SAHARANPUR
नानौली में आग से जला सामान और मौके पर जमा भीड़- फोटो : SAHARANPUR