- एटीएस ने लखनऊ न्यायालय में पेश कर जेल भेजा
- रिमांड पर लेकर और अधिक जानकारी भी ले सकती है एटीएस
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए आतंक संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन से जुड़े आतंकी अहमद रजा के संपर्क में पश्चिमी उप्र के कई जिलों के करीब 20 युवक थे। उनके पास से मिले मोबाइल फोन में इन युवकों से अहमद रजा की लगातार चैटिंग होती थी। इन युवकों से भी एटीएस पूछताछ कर सकती है। फिलहाल एटीएम ने पकड़े गए आतंकी को लखनऊ कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उससे और अधिक जानकारी हासिल करने के लिए एटीएम से कोर्ट से रिमांड पर भी ले सकती है।
सहारनपुर एटीएस यूनिट ने जनपद मुरादाबाद के मुढापांडे थानाक्षेत्र के गांव मिलक गुलड़िया निवासी अहमद रजा उर्फ शाहरुख उर्फ मोहिउद्दीन पुत्र फिरासत हुसैन को बृहस्पतिवार को लखनऊ से गिरफ्तार किया था। वह आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन और पाकिस्तान के आतंकी हैंडलर्स से लगातार संपर्क में था। उनके पास से दो मोबाइल फोन और लैपटॉप के अलावा अन्य संदिग्ध समान मिला था।
एटीएस सूत्रों के अनुसार जांच में सामने आया हैं कि अहमद रजा सहारनपुर के देवबंद, गंगोह, बागपत के दोघट, रमाला, शामली के कैराना आदि क्षेत्र के कई 20 से अधिक युवकों के संपर्क में था। उसके मोबाइल में इनके नंबर मिले हैं। एटीएस इन युवकों से पूछताछ कर सकती हैं।