सहारनपुर। कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण जनपद में जनवरी 2021 से चल रहा है। युद्ध स्तर पर जारी अभियान में अभी तक दस फीसदी लोग दोनों खुराक ले पाए हैं। हालांकि पहली खुराक से 43 फीसदी लोग कवर किए जा चुके हैं। प्रतिदिन टीकाकरण में करीब 70 फीसदी लोग पहुंच रहे हैं।
कोरोनारोधी टीका 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को लगाया जा रहा है। जनपद में 18 से अधिक आयु के लोगों की संख्या करीब 22,50,000 है। जनपद में अभी तक 9,61,634 लोग पहली खुराक ले चुके हैं। जो 22,50,000 आबादी का 43 फीसदी बैठता है। जो लोग वैक्सीन की दोनों खुराक ले चुके हैं उनकी संख्या 2,02,888 है। इस हिसाब से करीब दस फीसदी लोग वैक्सीन की दोनों खुराक ले चुके हैं। टीकाकरण कम होने की वजह लोगों का जागरूक नहीं होना है। आंकड़े उठाकर देखें तो प्रतिदिन लक्ष्य से 60 से 70 फीसदी ही लोग टीका लगवाने पहुंच रहे हैं।
बीते दस दिन का टीकाकरण प्रतिशत
तिथि-----------लक्ष्य-------लगा टीका------प्रतिशत
10 अगस्त-----10800--------7638------------70.7
11 अगस्त-----11150---------6695------------ 60
12 अगस्त-----14950---------10510----------70.3
13 अगस्त-----15750---------10260----------65.1
14 अगस्त------9500----------4278-----------45
16 अगस्त------40000---------36737----------91.8
17 अगस्त------13800---------10671----------77.3
18 अगस्त------14500---------10649----------73.4
19 अगस्त------16050----------11068----------69
63 हजार लोग डिफाल्टर घोषित
जनपद में करीब 63 हजार लोग ऐसे हैं, जो पहली खुराक लेने के बाद निर्धारित तिथि में दूसरी खुराक लेने नहीं पहुंचे हैं। विभाग ने ऐसे लोगों को डिफाल्टर घोषित किया है। जिलाधिकारी ने ऐसे लोगों से संपर्क कर टीका लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद विभाग की तरफ से संबंधित लोगों को कॉल करना शुरू किया है। करीब 29 हजार लोगों को फोन कॉल किए गए हैं, जिनमें से करीब 11 हजार लोग दूसरी खुराक ले चुके हैं।
टीकाकरण अभियान से अधिक से अधिक लोगों को कवर करने के लिए प्रतिदिन 90 से अधिक सत्र चलाकर टीकाकरण किया जा रहा है। अभी तक नौ लाख से अधिक लोगों को पहला टीका लगा चुके हैं, जबकि दोनों खुराक ले चुके लोगों की संख्या दो लाख से अधिक है। प्रयास यही है कि जल्द से जल्द शत प्रतिशत लोगों को कवर किया जा सके।
-- डॉ. सुनील कुमार वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।