सहारनपुर। जिले में धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अब जैविक खाद केंचुआ बैड बनाने के प्रोजेक्ट के नाम पर मुनाफे का झांसा देकर किसान से 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। पुलिस ने कंपनी के सीएमडी, एमडी समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवबंद के गांव शिवपुर निवासी किसान गुरजीत सिंह ने तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में जय एग्रो बायो साइंस लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों ने उसे नानौता बुलाकर जैविक खाद के केंचुआ बैड लगाने की योजना में निवेश का प्रस्ताव दिया था। कंपनी के सीएमडी सुशील कुमार, एमडी संजीव कुमार और संजय चौहान ने किसान को 10 लाख रुपये का निवेश कराने के लिए राजी किया। वादा किया गया था कि निवेश करने पर किसान को 25 महीने तक एक लाख रुपये का भुगतान व अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा।
इसी झांसे में आकर उसने नौ सितंबर 2024 को पंजाब नेशनल बैंक से 10 लाख रुपये का चेक कंपनी को दे दिया, जिसे उसी दिन कंपनी के खाते में डालकर भुगतान ले लिया गया। रकम मिलने के बाद कंपनी ने एक फर्जी एग्रीमेंट जय एग्रो के लेटरहेड पर तैयार कर उसे दिया। 10 लाख रुपये की गारंटी के रूप में आईडीएफसी बैंक का चेक भी सौंपा।
शुरुआती कुछ महीनों में 94 हजार रुपये की तीन किस्त भेजी गई। इसके बाद भुगतान बंद कर दिया गया। इस संबंध में कंपनी के अधिकारियों को संपर्क किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पीड़ित ने बताया कि अभी तक न तो जैविक खाद के बैड लगाए गए हैं और न ही किस्तों का भुगतान किया है। कंपनी के अधिकारी धमकी भी दे रहे हैं। पुलिस ने सुशील कुमार, संजीव कुमार, संजय चौहान व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।