सहारनपुर। सोमवार की पूर्वाह्न करीब 11 बजे अचानक से मौसम बदला। जनपद के अलग-अलग हिस्सों में कहीं झमाझम तो कहीं कम बारिश हुई। तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई, लेकिन गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली, बल्कि बारिश बंद होने के बाद उमस और बढ़ गई।
मौसम विभाग ने बारिश होने की संभावना जताई हुई थी। सुबह करीब पांच बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो पांच मिनट बाद ही बंद हो गई। इसके बाद मौसम खुल गया। पूर्वाह्न 11 बजे अचानक मौसम बदला और जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। चिलकाना रोड क्षेत्र में करीब आधा घंटे की झमाझम बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं, जबकि बेहट रोड, दिल्ली रोड, देहरादून रोड क्षेत्र में 15 से 20 मिनट की ही बारिश हुई।
मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम वेधशाला मिर्जापुर के प्रभारी अमीर आलम ने बताया कि सोमवार की रात एक बजे से दो बजे तक बारिश होगी। उसके बाद मंगलवार को एक बजे तक बादल छाए रहेंगे। उन्होंने दोपहर दो बजे के बाद फिर बारिश होने का अनुमान जताया है।