सहारनपुर। बुधवार को मौसम का मिजाज बार बार बदलता रहा। शाम के समय हवा चलने के साथ हुई बूंदाबांदी ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाने का काम किया। साथ ही न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई।
बुधवार की सुबह आसमान बादलों से घिरा रहा। करीब सात बजे बेहद हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन पूर्वाह्न 11 बजे तक बादल छटने लगे और धूप निकल आई। इसके बाद दोपहर में फिर बादल आए, लेकिन बिना बरसे चले गए और दाेपहर करीब दो बजे धूप निकली रही। शाम के समय आसमान बादलों से पूरी तरह घिर गया, जिसके बाद करीब 6:30 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। बुधवार को दो एमएम बारिश दर्ज की गई। साथ ही जो न्यूनतम तापमान मंगलवार को 24 डिग्री सेल्सियस था वह गिरकर 21 पर आ गया, जबकि अधिकतम तापमान भी जो मंगलवार को 35.5 डिग्री सेल्सियस था वह भी गिरकर 31.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को बारिश होने की संभावना जताई है।