नानौता (सहारनपुर)। बुखार से एक गांव निवासी 13 वर्षीय कक्षा सात के छात्र की मौत हो गई। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
नानौता सीएचसी के गांव लंढोरा निवासी आर्यन वत्स (13) पुत्र सोनू वत्स नगर के सीबीएसई मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। मृतक के परिजनों के अनुसार आर्यन को करीब तीन दिन पूर्व बुखार आया था। हालत बिगड़ने पर सहारनपुर के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, वहां उसकी मेडिकल जांच रिपोर्ट में उसको डेंगू होने की पुष्टि की। शनिवार की देर शाम हालत और खराब होने पर छात्र को हायर सेंटर ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। छात्र की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बता दें कि इन दिनों ब्लॉक क्षेत्र के गांव लंढोरा, खुड़ाना, मोरा, तिलफरा में बुखार से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पीड़ित हैं। उधर, सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि उक्त मामला उनके संज्ञान में नहीं है। गांव में चिकित्सीय टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।