बड़गांव। तेज आंधी व हल्की बूंदाबांदी के बीच बड़गांव में उड़े टीन शेड की चपेट में आकर छत पर सो रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। निजी अस्पताल से हायर सेंटर जाते वक्त युवक की रास्ते में ही मौत हो गई।
बड़गांव निवासी सुनील उर्फ सोनू (38) पुत्र दीपचंद बुधवार रात्रि अपने मकान की छत पर सो रहा था। रात आई तेज आंधी में उड़ी दुकानों पर पड़ी सीमेंट की टीन शेड सुनील की टांगों पर आकर गिरी जिससे उसकी नसें कट गई। उसकी चीख सुनकर परिजन जागे और दौड़ कर उसके पास पहुंचे। टीन शेड हटा कर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत देखते हुए युवक को चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।