फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, बिजली व्यवस्था ध्वस्त

Fri, 19 May 2023 12:26 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सहारनपुर। आंधी-तूफान से बुधवार की रात से बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। जिले में 40 से अधिक खंभे ढह गए। पेड़ों से टहनियां गिरने के कारण तार टूट गए। बिजली व्यवस्था बेपटरी होने से स्मार्ट सिटी के लोग पीने के पानी को भी तरस गए। घरों के टीनशेड तक उड़ गए। सड़कों पर पेड़ गिरने से दिल्ली रोड पर जाम लग गया। इसमें छात्र-छात्राएं काफी देर तक फंसे रहे।
विज्ञापन

जिले में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे मौसम बदल गया। इसके बाद आंधी-तूफान से पेड़ और बिजली के खंभे गिरने लगे। यह सिलसिला एक से डेढ़ घंटे तक चलता रहा। महानगर की बात करें तो नवादा रोड, मानकमऊ, गलीरा रोड, नवीन नगर, मल्हीपुर रोड आदि में बिजली के खंभे गिरे। दिल्ली रोड पर आईटीआई के पास पेड़ों के साथ-साथ बिजली के खंभे भी सड़क के बीचोबीच गिर गए। इससे यातायात बाधित हो गया।
छात्र-छात्राओं के वाहन जाम में फंस गए। इसके बाद आईटीआई का गेट खोलकर जैसे-तैसे कर वाहनों को अंदर से निकाला गया। वहां मौजूद सरदार सिंह मिगलानी, रमेश, विजय, नरेश और विरेंद्र ने कड़ी मशक्कत कर स्कूली वाहनों को निकलवाया। इसके अलावा अंबाला रोड, अस्पताल पुल, लोक निर्माण विभाग कार्यालय, देहरादून रोड, मल्हीपुर रोड आदि क्षेत्रों में भी बिजली के खंभे गिरे। इससे बिजली आपूर्ति चौपट हो गई। हुसैन बस्ती, टीपी नगर, घंटाघर, किशनपुरा, आवास विकास, हकीकत नगर बिजलीघरों से जुड़ी काॅलोनियों में बृहस्पतिवार सुबह 11 से 12 बजे के बीच बिजली आपूर्ति सुचारु हो पाई, जबकि जैन बाग, मानकमऊ, आईटीआई बिजलीघरों से जुड़ी काॅलोनी में चार बजे तक भी बिजली नहीं आई थी।
विज्ञापन

दुकानों से खरीदनी पड़ी पानी की बोतलें
बिजली नहीं आने से लोग पीने के पानी के लिए भी तरस गए। बाल्टी लेकर सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर लाइन लग गई। बोतलें लेकर इधर से उधर भटकते रहे। कुछ लोगों ने तो आसपास घरों में लगे नलों से पानी भरकर काम चलाया। जैन बाग क्षेत्रों की बात करें तो यहां शाम पांच बजे तक बिजली नहीं आने से लोगों ने दुकानों से बोतलें खरीदनी पड़ीं।

कंट्रोल रूम में आई 100 से अधिक शिकायत

बिजली गुल होने पर लोग रात से सुबह तक विद्युत निगम के कंट्रोल रूम में संपर्क करते रहे। 100 से अधिक शिकायतें कंट्रोल रूम में पहुंची। यहां से जल्द बहाल करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से काम में देरी होती गई। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

नुकसान का आकलन किया जा रहा

विद्युत निगम के मुख्य अभियंता एके आत्रेय ने बताया कि आंधी-तूफान से खंभे गिरे और पेड़ों की टहनियां टूटकर लाइनों पर गिरीं। इसमें विभाग को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। हर डिवीजन से नुकसान की रिपोर्ट मंगाई जा रही है। उसके बाद रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजनी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें