सहारनपुर। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया। मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
जिलाध्यक्ष संदीप सिंह पंवार ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण की मांग लंबे समय से की जा रही है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से लेकर बेसिक शिक्षा मंत्री तक से गुहार लगाई गई है, मगर शिक्षकों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। इसे लेकर शिक्षकों में रोष है। यदि समय रहते उनकी मांगों पर अमल नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। धरने को कोषाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार यादव और जिला मंत्री अरविंद कुमार ने भी संबोधित किया। धरने में जिला कार्यकारिणी के साथ ही ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी भी एक दिन का अवकाश लेकर शामिल हुए। संगठन की प्रमुख मांग
- परिषदीय शिक्षकों की वार्षिक आख्या व ऑपरेशन कायाकल्प के आधार पर शिक्षण योगदान अंक निर्धारित करना बंद हो।
- दिसंबर 2008 के बाद पदोन्नत परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को 17140 व 18150 वेतनमान लागू करना।
- अंतर जनपदीय स्थानांतरण से वंचित परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों का अंतर जनपदीय स्थानांतरण शीघ्र किया जाए।
- आकांक्षी जनपदों में कार्यरत शिक्षकों के अंतर जनपदीय स्थानांतरण एवं अंतर जनपदीय पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया बहाल की जाए।
- परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की जनपद के भीतर स्थानांतरण बाधित प्रक्रिया बहाल की जाए।
- मिशन प्रेरणा के तहत होने वाले ऑनलाइन कार्यों के लिए शिक्षकों को संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
- परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा दी जाए।
- शिक्षकों की मृत्यु के बाद आश्रितों को लिपिकीय पद पर नियुक्त किया जाए आदि।
मनमानी कर रही है सरकार : पुंडीर
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी हेम सिंह पुंडीर ने सरकार पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संगठन के रहते कोई भी शिक्षकों को नुकसान नहीं पहुंचा सकता है। उन्होंने शिक्षकों को एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फरवरी के अंत में सरकार को शिक्षकों की 11 मांगों को लेकर ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा।