उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय आह्वान पर उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया। संगठन से जुड़े शिक्षकों ने बड़ी संख्या में हिस्सेदारी करने के साथ अन्य विभिन्न संगठनों के शिक्षक पदाधिकारी भी शामिल हुए।
बुधवार को शिक्षक सुबह से ही हकीकत नगर स्थित धरना स्थल पर बड़ी संख्या में एकत्र होने शुरू हो गए थे। दोपहर तक शिक्षकों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर मांगों को पूरा करने को लेकर आवाज बुलंद की।
जिलाध्यक्ष संदीप सिंह पंवार ने कहा कि संगठन 20 मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है, जिनमें मुख्यत: शिक्षकों को पुरानी पेंशन देना, मृतक आश्रित शिक्षकों की नियुक्ति, 17140 का शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ, छात्रों की एसएमएस से अनुपस्थिति भेजने पर रोक, शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण की रोक हटाना, दूध का वितरण बंद कराना, शिक्षकों की गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति आदि शामिल है।
उन्होंने कहा कि सरकार जल्द कोई निर्णय लेकर मांगों को पूरा नहीं करती तो पूरे प्रदेश के शिक्षक 16 मार्च को राजधानी लखनऊ में धरना प्रदर्शन करेंगे।
जिला मंत्री संजय सैनी, कोषाध्यक्ष राजीव यादव ने कहा कि शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर कमर कस ली है। धरने में सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मंसूर अहमद और संदीप सैनी, जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सेठपाल सिंह, उर्दू टीचर्स शिक्षक संघ के संयोजक मोहम्मद वसीम सहित अन्य संगठनों का भी समर्थन रहा।
इस दौरान कृष्णपाल, सेठपाल, नीरज सैनी, शिवकुमार, सतीश राणा, अरविंद यादव, गय्यूर अली, लोकवीर सिंह, फसाहत अली, कविता रानी, रूबी नरुला, राजवीर सिंह, सुरेश कुमार, अर्चना, शिवकुमार, कामिल, नीरज आदि ने भी विचार रखे। उधर, शिक्षकों के धरना प्रदर्शन के चलते हकीकत तिराहे पर जाम की स्थिति बनी रही।