संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। पेंशन और स्थानांतरण संबंधी विभिन्न मांगों को लेकर बेसिक शिक्षक दस फरवरी को धरना प्रदर्शन करेंगे। उससे पहले उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और वित्त एवं लेखाधिकारी को मांग पत्र सौंपा।
जिलाध्यक्ष संदीप सिंह पंवार ने बताया कि शिक्षकों की मांगें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के साथ ही लेखाधिकारी कार्यालय पर भी लंबित हैं। लेखाधिकारी स्तर पर डेढ वर्ष से ज्यादा समय से अंतरजनपदीय स्थानांतरित होकर आए शिक्षकों व जनपद के अन्य शिक्षकों के एरियर संबंधित मामले लंबित हैं।
एनपीएस वाले शिक्षकों की एनपीएस कटौती का धन कार्यालय द्वारा उनके खातों में प्रतिमाह जमा नहीं हो रहा है। कुछ शिक्षकों की पुरानी पेंशन के लिए विकल्प विभाग को प्राप्त कराए जा चुके हैं। उसके बाद भी प्रान नंबर आवंटन के लिए शिक्षकों पर दबाव बनाया जा रहा है।
पुरानी पेंशन से आच्छादित शिक्षकों को लेखा पर्ची उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इन मांगों दस फरवरी को वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।