अफगानिस्तान में तालिबान शासन स्थापित होने के बाद विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी पहली बार भारत का दौरा करेंगे। उनके इस दौरे में देवबंद दौरा भी प्रस्तावित है। विदेश मंत्री मुत्ताकी 11 अक्तूबर को देवबंद पहुंचेंगे और इस्लामी तालीम के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध दारुल उलूम का भ्रमण करेंगे।
दारुल उलूम में लगाया जा रहा सौर ऊर्जा प्लांट। संवाद
उनके दौरे को लेकर दारुल उलूम प्रबंँधन ने उनके स्वागत की तैयारियां शुरु कर दी हैं। संस्था में साफ सफाई के साथ ही अन्य स्थानों को बेहतर बनाने का काम आरंभ हो गया है, उनके स्वागत के लिए बैनर तैयार कराए जा रहे हैं। संस्था परिसर में बनी विशालकाय गोलाकार लाइब्रेरी में मुत्ताकी का स्वागत कार्यक्रम रखा गया है।
दारुल उलूम दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन के साथ ही खुफिया विभाग के अधिकारी संस्था के जिम्मेदारों से लगातार संपर्क कर रहे हैं। मोहतमिम कार्यालय के इंचार्ज मुफ्ती रिहान उस्मानी ने तालिबान के विदेश मंत्री आमिर मुत्ताकी के दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि 11 अक्तूबर को विदेश मंत्री अपराह्न करीब 12 बजे दारुल उलूम पहुंचेंगे। उनके स्वागत को लेकर तैयारी शुरु कर दी गई हैं।
बता दें कि देवबंद के दारुल उलूम व अन्य मदरसों में कुछ अफगान छात्र भी पढ़ाई कर रहे हैं। आमिर खान मुत्ताकी उनसे भी मुलाकात कर सकते हैं। वे देवबंद मदरसे के बाद ताजमहल का भी दौरा करेंगे। तालिबान शासन के बाद पहली बार अफगान विदेश मंत्री मावलवी आमिर खान मुत्ताकी भारत दौरे पर आए हैं। छह दिवसीय यात्रा के दौरान वे विदेश मंत्री एस जयशंकर और एनएसए अजीत डोभाल से मुलाकात करेंगे। यह भारत-तालिबान संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।