सरसावा (सहारनपुर)। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए शनिवार को खंड विकास कार्यालय में हुए मतदान में दोनों पक्षों के बीच जमकर रस्साकशी हुई। एक-एक वोट को लेकर दोनों पक्ष कई बार मतदान कर्मियों से उलझते नजर आए। दोपहर तीन बजे हुई मतगणना में बसपा कार्यकर्ता तथा भाजपा के समर्थित ताहिर हसन ने विजय प्राप्त की।
सरसावा के ब्लाक प्रमुख बने गांव हरड़ाखेड़ी निवासी ताहिर हसन को प्रदेश सरकार में आयुष राज्यमंत्री का करीबी माना जाता है। ताहिर हसन ने 129 बीडीसी सदस्यों में से 70 मत लेकर विजय प्राप्त की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सिराज को 49 मत मिले। आठ मत निरस्त हो गए तथा 2 बीडीसी सदस्य मतदान करने नहीं आए। इससे पूर्व मतदान के दौरान ग्राम वाजिदपुर की महिला बीडीसी बिना किसी पहचान पत्र के मतदान करने आई तो चुनाव अधिकारी ने उन्हें रोक दिया। एक प्रत्याशी ने मोबाइल में महिला का पहचान पत्र दिखाया, लेकिन मतदान कर्मियों ने अस्वीकार कर दिया। इसी बीच आयुष राज्यमंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी मतदान केंद्र पर आए तथा निर्वाचन नियमों की अवहेलना करते हुए मतदान कक्ष में जा पहुंचे। जहां उन्होंने मतदान कर्मियों से कहा कि बीडीसी को प्रमाणपत्र देते वक्त सभी प्रपत्र जमा कराए जाते हैं ऐसे में प्रमाणपत्र खुद आईडी है। इसके बाद उसका मत डलवा दिया गया। इसी बीच सीडीओ प्रणय सिंह भी पहुंचे, लेकिन उन्होंने राज्य मंत्री की मतदान कक्ष में मौजूदगी को नजरंदाज कर दिया।