कंपनी बाग में लगे स्वदेशी मेला का अवलोकन करते राज्यमंत्री व नकुड़ विधायक व अन्य
सहारनपुर। कंपनी बाग में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 स्वदेशी मेला का उद्घाटन हुआ। राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि हमें स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करना चाहिए। स्वदेशी उत्पादों में देश की मिट्टी की सुगंध और नौजवानों का खून-पसीना लगा है। स्वदेशी का इस्तेमाल, प्रचार करेंगे तो देश आत्मनिर्भर से स्वावलंबन की ओर बढ़ेगा।
स्वदेशी मेले विभिन्न उत्पादों के 50 स्टॉल लगाए गए हैं। जनप्रतिनिधियों ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत धोबी कार्य के लिए चयनित 25 लाभार्थियों में से सात को मंच पर टूल किट वितरित की। राज्यमंत्री ने कहा कि देश के अंदर बाल गंगाधर तिलक और महात्मा गांधी के स्वदेशी आह्वान से आजादी के आंदोलन को शक्ति मिली थी। पहले ग्राम और शहर आत्मनिर्भर थे, तो देश सोने की चिड़िया था। हमारे यहां के बने उत्पाद बाहर निर्यात होते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वोकल फॉर लोकल और लोकल से ग्लोबल तक सफर तय किया जा रहा है। यह मेला ग्रेटर नोएडा में हुए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 की सफलता के बाद, उसी की तर्ज पर जिला स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
दीपावली पर्व के अवसर पर लगाए गए मेले में आमजन ने खरीदारी की। मेला 18 अक्तूबर तक जारी रहेगा। मेले में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, माटीकला बोर्ड, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग, रेशम विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन समेत अन्य उत्पादकों के स्टॉल लगाए गए हैं। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, विधायक राजीव गुंबर, देवेंद्र निम, मुकेश चौधरी, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, जिलाधिकारी मनीष बंसल, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन चौधरी राजपाल, संयुक्त आयुक्त उद्योग अंजू रानी, उपायुक्त उद्योग सचिन जैन, सहायक आयुक्त उद्योग डॉ. बनवारी लाल आदि मौजूद रहे।