- कृष्णा धाम कॉलोनी के लोगों का आरोप, तीनों आरोपी शव को फेंक रहे थे ढमोला नदी में
- तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में, पूछताछ में बोले, लघुशंका के लिए उतरा था दोस्त, डूबने से हुई मौत
- हत्या की धाराओं में केस दर्ज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होगा हत्या या हादसे का खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
पुवांरका/सहारनपुर। कृष्णाधाम कॉलोनी में एक युवक के शव को नदी में फेंक रहे तीन आरोपियों को कुछ लोगों ने पकड़ लिया। जिस पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और बाइक छोड़कर वहां से भाग निकले। जनकपुरी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाइक के नंबर के आधार पर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी नदी में डूबने से अपने साथी की मौत बता रहे हैं। यह हत्या या फिर हादसा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही इसका खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस ने हत्या की धाराओं में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
घटना सोमवार की देर रात की है। कृष्णा धाम कॉलोनी में चार युवक बाइकों पर आए और एक युवक के शव को ढमोला नदी में फेंककर भागने लगे। तभी एक महिला की नजर उन पर पड़ गई। महिला के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। क्षेत्रवासियों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, जिस पर आरोपियों ने भीड़ से मारपीट की और एक बाइक छोड़कर फरार हो गए। पता लगते ही थाना जनकपुरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को ढमोला नदी से उठवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
मृतक की पहचान प्रदीप कुमार प्रजापति (38) वर्ष पुत्र जयपाल प्रजापति निवासी देवपुरम के रूप में हुई। जांच में पता लगा कि प्रदीप मजदूरी करता था। प्रदीप के दो बच्चे है। 14 वर्ष की बेटी निधि और 12 वर्षीय बेटा अंशुल है। बाइक के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
- हत्या या हादसा, स्पष्ट नहीं
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि अभी तक हुई पूछताछ में सामने आया है कि प्रदीप अपने तीन साथियों के साथ अलग-अलग बाइक पर गांव देवला जा रहा था। इन सभी ने शराब का सेवन किया हुआ था। प्रदीप लघु शंका के लिए ढमोला नदी में उतर गया। नशे की वजह वह नदी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके तीनों साथी तभी ढमोला नदी में उतर गए और प्रदीप को बाहर निकालने लगे। तब लोगों को लगा कि आरोपी शव फेंककर भाग रहे हैं। सही स्थिति का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता लगेगी।