सहारनपुर। श्रावण मास, उमस भरी गर्मी के बीच कांवड़ियों की आस्था अलग दिखाई दे रही है। गर्मी के बीच बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ कांवड़िए गंगाजल लेकर लौट रहे हैं। कांवड़ियों की संख्या में इजाफा होने लगा है। भोले बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना है।
सहारनपुर के रास्ते जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कांवड़िए हरिद्वार और ऋषिकेश से गंगाजल लेकर लौट रहे हैं। बृहस्पतिवार को देहरादून और अंबाला रोड पर कांवड़ियों की संख्या में पिछले दो दिनों की अपेक्षा ज्यादा दिखाई दी। युवा, महिला और बुजुर्ग भी कांवड़ लेकर लौटते हुए नजर आए। जय शंकर की, हर-हर महादेव, बोल बम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा है। श्रावण मास में आस्था अलग ही दिखाई दे रही है। उमस भरी गर्मी का कांवड़ियों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। वह मन में आस्था लेकर भोले बाबा के जयकारों के साथ अपने गंतव्य की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। उधर, कांवड़ सेवा शिविरों में डीजे की धुन पर कांवड़िए भजनों पर झूम रहे हैं।
वहीं, पुलिस-प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। चप्पे-चप्पे पर पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों, पीएसी के जवान तैनात हैं।
-
मंदिरों में भीड़, गोमुख के गंगाजल से भोले बाबा का अभिषेक
श्रावण मास में सुबह और शाम के समय श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दे रही है। महानगर प्रमुख शिवालय श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव में रोजाना श्रद्धालु सुबह चार बजे से ही जलाभिषेक करने पहुंचे रहे हैं। इसी तरह राधा विहार के श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, अंबाला रोड स्थित श्री विश्रामपुरी काल भैरव मंदिर, आवास-विकास श्री हरि मंदिर, बेहट रोड के श्री बालाजी धाम, तहसील शिव मंदिर सहित अनेक मंदिरों में लोग रुद्राभिषेक भी कर रहे हैं। इसके साथ ही डाकघर से मिलने वाले गोमुख के गंगाजल की शीशी की मांग 70 प्रतिशत बढ़ गई है। श्रद्धालु गोमुख के गंगाजल से भोले बाबा का अभिषेक कर रहे हैं। प्रवर अधीक्षक राधेश्याम ने बताया कि श्रावण मास में गोमुख के गंगाजल की मांग बढ़ी है।
-
कांवड़ सेवा शिविर लगे, रास्ता बंद करने पर लोग परेशान
देहरादून रोड और अंबाला रोड पर कांवड़ सेवा शिविर भी लग गए हैं। बृहस्पतिवार को देहरादून रोड स्थित खालसा इंटर कॉलेज में शिव सेवा कांवड़ संघ द्वारा लगाए गए शिविर का उद्घाटन संत सहजानंद ब्रह्मचारी, महापौर डा. अजय कुमार, नगर विधायक राजीव गुंबर ने फीता काटकर किया। पूजन पंडित प्रगीत कौशिक ने कराया और आरती संत सहजानंद ब्रह्मचारी ने उतारी। इसके साथ ही गीता वितरित की गई। शिविर में 24 घंटे कांवड़ियों के खाने-पीने, नहाने और सोने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व महापौर संजीव वालिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, संजय कर्णवाल, भारत कर्णवाल, मुकेश शर्मा, बोबी, राजेश जैन मौजूद रहे। इसी तरह अंबाला रोड पर कांवड़ सेवा शिविर लगाए गए। वहीं, पुलिस-प्रशासन ने कांवड़ मार्ग पर बेरीकेडिंग लगाकर शहर को दो हिस्सों में बांट दिया। ढमोला नदी पुल के पास बेरीकेडिंग से पूरी तरह रास्ता बंद कर दिया गया। लोगों को पांच मिनट का सफर तय करने में आधे से एक घंटा तक लग रहा है, जिससे लोग परेशान हैं। रूट डायवर्जन होने के बावजूद कुछ इलाकों में जाम भी लग रहा है।
-
25 साल से ला रही कांवड़, मंदिरनुमा कांवड़ रही आकर्षण केंद्र
सहारनपुर। कांवड़िए रंग-बिरंगी कांवड़ लेकर आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को पानीपत के युवाओं का ग्रुप दिखाई दिया, जो मंदिरनुमा कांवड़ लेकर हरिद्वार से लौट रहे थे। चंडीगढ़ निवासी 60 वर्षीय नक्षत्र देवी पत्नी भगवान दास 25 वर्ष से कांवड़ लेकर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को वह चंडीगढ़ पहुंच जाएंगी और अगले दिन शिवरात्रि पर जलाभिषेक करेंगी। इसी तरह अनेक कांवड़िए दिखाई दिए।