शाकंभरी सिद्धपीठ परीक्षेत्र में पानी आने के बाद उससे होकर जाते श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर की सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में पहाड़ियों पर बारिश के बाद नदी में पानी आ गया। इससे सिद्धपीठ में लगे मेला परिक्षेत्र में भगदड़ मच गई। दुकानदार और श्रद्धालु इधर उधर भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर चले जाने की चेतावनी जारी की।
सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में वासंतीय चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन 10:30 बजे तक श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया। भक्तों की कतार पुलिस चौकी तक जा पहुंची, परंतु 11 बजे के लगभग मौसम ने करवट ली और तेज आंधी तूफान के बाद बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते ही बरसाती खोल में पानी आ गया।
बारिश के आते ही पुलिस ने लाउडस्पीकर से श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर जाने की चेतावनी जारी की। सीओ विजयपाल सिंह, कोतवाली प्रभारी अशोक सोलंकी, मेला इंचार्ज अनंतदेव मिश्र, शाकंभरी चौकी इंचार्ज निर्मल शर्मा भी मेले में ही कैंप किये हुए थे। शाकंभरी खोल का पानी दुकानों में भी घुस गया। मेले में पानी आने के बाद भी भक्तों की श्रद्धा कम नहीं हुई। भक्तों ने लंबी कतार में लगकर माता के दर्शन किए।