साड़ियों के शोरूम में साड़ियों की खरीदारी करती महिलाएं।
सहारनपुर। बाजार में हल्के वजन वाली ऑर्गेंजा साड़ियों की जमकर खरीदारी हो रही है। कारण है इनका कम वजन और स्टाईलिश डिजाइन। त्योहारों को देखते हुए दुकानदारों ने भी विभिन्न वैराएटी और रंग की साड़ियां मंगवाई है।
त्योहारी मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में महिलाओं के बीच फैशन के लिए खासा उत्साह देखा जा रहा है। साड़ियों के शोरुम और दुकानों में महिलाएं खरीदारी कर रही है। खासकर साड़ियों के प्रति महिलाओं का आकर्षण बढ़ा है। बाजार में ऑर्गेंजा रफल और मैटेलिक से बनी साड़ियों की खासी डिमांड है। यह साड़ियां पारंपरिक होने के साथ नए दौर की भी हैं।
वजन में कम होने के चलते इन्हें काफी देर पहनने के बाद भी परेशानी नहीं होती। यह साड़ियां सूरत, बनारस और जयपुर में मंगाई जा रही है। इसके अलावा ऑर्गेंजा सिल्क की साड़ियां कामकाजी महिलाओं को काफी भा रही है। बनारसी साड़ी, हैंडमेड एंब्रॉइडरी साड़ियां भी बेहद आकर्षक है। यह अधिकतर हाथ से बनीं होती है।
इसके अलावा दक्षिण भारत की कांजीवरम सिल्क साड़ियों की भी काफी मांग है। क्रॉप टाप सेट, गाउन, इंडोवेस्टर्न, पारंपरिक साड़ी में आधुनिक ट्विस्ट के साथ ड्रैप साड़ी भी खरीदी जा रही है।
- बोले कारोबारी
महानगर के ककडगंज बाजार में शिवशक्ति साड़ी शोरूम के मालिक अमित गांधी ने बताया कि बदलते दौर में साड़ियों के भी क्लवेर और डिजाइन बदले हैं। पहले जहां भारी भरकम साड़ियों का चलन था तो अब हल्के वजन वाली साड़ियों की मांग है।
- रायवाला कपड़ा मार्केट में रूपश्री साड़ी शोरूम के मालिक सुनील ने बताया कि आर्गेंजा साड़ी वजन में हल्की होती है। इनकी खासियत यह है कि यह स्टाइलिश भी है। कामकाजी महिलाएं ऑर्गेंजी सिल्क साड़ियों की अधिक खरीदारी करती हैं।