एक स्कूल में हाथ धुलाई करते स्कूल बच्चे
सहारनपुर। किताबी ज्ञान के साथ ही परिषदीय विद्यालयों को स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाया जा रहा है। इसके लिए स्वच्छता पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसके तहत विद्यार्थियों को हाथ धुलाई और नाखून साफ रखने से लेकर घर, आंगन और मोहल्लों तक को साफ रखने की सीख दी जा रही है।
परिषदीय विद्यालयों में एक से 15 सितंबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत शिक्षकों की देखरेख में विद्यार्थियों द्वारा विद्यालयों के आसपास के क्षेत्रों और गांवों में जन जागरूकता रैलियां निकाली जा रही हैं। इसमें लोगों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही उन्हें स्वच्छता के फायदे भी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा विद्यालयों में सामूहिक रूप से विद्यार्थियों की हाथ धुलवाए जा रहे हैं। उन्हें भोजन करने से पहले और शौच के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धुलने की सीख दी जा रही है। बताया जा रहा है कि गंदे हाथों से भोजन करने से अनेक बैक्टिरिया हमारे शरीर में जाकर हमें बीमार कर सकते हैं।
विद्यार्थियों को नाखून काटकर रखने, प्रतिदिन टूथब्रश करने, प्रतिदिन नहाने, साफ कपड़े पहनने, घर, आंगन, मोहल्ला और अपनी बस्ती व नगरों को साफ रखने में सहयोग करने के लिए भी कहा जा रहा है। विद्यार्थियों के बीच स्वच्छता को लेकर चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं भी कराई जा रही हैं। जलभराव से मच्छर पैदा होकर डेंगू और मलेरिया जैसी जानलेवा बीमारी फैला सकते हैंं। ऐसे में सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े के तहत तमाम कार्यक्रम कराए जा रहे हैं।