जेवी जैन डिग्री कॉलेज पर ताला बंदी कर प्रदर्शन करते छात्र
- फोटो : SAHARANPUR
छात्रों ने जैन कॉलेज के गेट पर ताला जड़ा, हंगामा
सहारनपुर। कॉलेज प्रशासन पर छात्रवृत्ति के फॉर्म जिला समाज कल्याण विभाग को नहीं भेजने का आरोप लगाकर विद्यार्थियों ने हंगामा किया। इतना ही नहीं कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला लगाकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सोमवार को छात्र नेता मोहित के नेतृत्व में कई छात्र जेवी जैन कॉलेज पहुंचे और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्र नेता अनुज चौहान ने कॉलेज प्रबंधन पर कई कार्यों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। कहा कि कॉलेज के पास अल्पसंख्यक संस्था का दर्जा है लेकिन नियमानुसार अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के दाखिले नहीं किए जा रहे हैं। सामान्य वर्ग के गरीब छात्रों तथा अनुसूचित जाति और जनजाति के विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति के फॉर्म भी जिला समाज कल्याण विभाग को नहीं भेजे गए हैं। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद प्राचार्य डॉ. वकुल बंसल भी पहुंचे और छात्रों की बात सुनीं। उन्होंने छात्रों की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने ताला खोला। साथ ही चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर छात्रवृत्ति के फॉर्म नहीं भेजे गए तो फिर से आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में कार्तिक सिंह तोमर, अंशुल कुमार, विशाल कुमार, अक्षय चौधरी, अर्जुनपाल, गुरुवजन, विराट, रवि, सोनू, राजू आदि शामिल रहे।