जनमंच में नाटक का मंचन करते छात्र छात्राएं
सहारनपुर। जनमंच में नगर निगम की ओर से नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। छात्र-छात्राओं ने नाटक के जरिए नाले-नालियों व सड़क पर कूड़ा-कचरा न डालने, नदियों-तालाबों को गंदा न करने और प्लास्टिक का प्रयोग न करने का संदेश दिया, साथ ही सड़क व इमारतों में जगह-जगह गुटखा थूकने वालों को फटकार लगाई।
नगर निगम द्वारा स्वच्छ भारत अभियान-2023 के तहत जनमंच में नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। उद्घाटन करते हुए अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने कहा कि इस नाटक प्रतियोगिता का उद्देश्य घर-घर तथा प्रत्येक आदमी तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाना और उसे जागरूक करना है। जनसहयोग से ही हम अपने शहर को साफ-सुथरा और स्वच्छ बना सकते हैं।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में 11 काॅलेजों-सरस्वती विहार स्कूल, पी एस छुटमलपुर, सेंट मेरी स्कूल चिलकाना रोड़, पीच ग्रोव स्कूल, इंडस्ट्रियल मुस्लिम गर्ल्स इंटर काॅलेज, आशा माॅडर्न स्कूल चंद्रनगर, पाइनवुड स्कूल, गुरुनानक इंटर काॅलेज व उच्च प्राथमिक विद्यालय मनोहरपुर के छात्र-छात्राओं ने शानदार अभिनय किया। गंगा के प्रदूषित होने तथा केदारनाथ जैसी आपदाओं के लिए सीधे-सीधे आम आदमी को जिम्मेदार ठहराते हुए भविष्य के प्रति सचेत किया। आईटीसी मिशन सुनहरा कल फोर्स व स्पेस सोसायटी के कलाकारों ने भी नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया।
निर्णायक मंडल में वरिष्ठ रंगकर्मी राकेश शर्मा, दिनेश तेजान व साहित्यकार डाॅ. वीरेंद्र आजम रहे। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए गए। प्रतियोगिता का परिणाम बाद में घोषित किया जाएगा।