कलेक्ट्रेट बार सभागार में पत्रकारो से वार्ता करते कलेक्ट्रेट व दीवानी कचहरी एसोसिएशन के अध्यक्?
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पुंडीर और दि कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ठाकुर यशपाल सिंह ने नकुड़ बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष उधम सिंह के गांव फेरू मजरा स्थित घेर की दीवार गिराने पर रोष जताया। उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता के घेर की गिराई गई दीवार को दोबारा बनवाने और दोषी अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट बार सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता के घेर का निर्माण करीब 50 वर्ष पूर्व उनके पिता ने कराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि दीवार गिराते समय नायब तहसीलदार को दीवानी न्यायालय के सिविल जज द्वारा दिए गए स्टे को भी दिखाया गया। इसके बावजूद दीवार को गिरा दिया गया। इस कार्रवाई से अधिवक्ताओं में रोष है। सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के महासचिव नितिन शर्मा ने कहा कि स्टे के बावजूद वरिष्ठ अधिवक्ता के घेर की ढहाई गई दीवार का तत्काल निर्माण कराया जाए, साथ ही इस कार्रवाई को करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि उप जिलाधिकारी नकुड़ ने वहां के बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महासचिव को भरोसा दिया कि घेर की दीवार को निर्माण करा दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो अधिवक्ता हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।