बेहट के गांव मीरगढ़ के पास आंधी में क्षतिग्रस्त हुए चको फीडर के विद्युत पोल। संवाद
बेहट/शाकंभरी/छुटमलपुर। बुधवार रात आई दस मिनट की आंधी ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया। विद्युत लाइनों पर पेड़ टूटकर गिरने से तहसील बेहट के 70 गांवों की बिजली गुल हो गई। छुटमलपुर में सड़क पर पेड़ गिरने के कारण देहरादून हाईवे चार घंटे तक बाधित रहा।
आंधी से विद्युत लाइनों पर गिरे पेड़ों की वजह से विद्युत उप स्टेशन के पथरवा, शाकंभरी देवी, चको, हरिपुर, पीटी डब्ल्यू पथरवा व गंदेवड़ फीडरों से जुड़े 42 गांवों की आपूर्ति 17 घंटे ठप रही। बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। छुटमलपुर में फतेहपुर सीएचसी के सामने खड़े ट्रक पर भारी भरकम पेड़ जा गिरा। ट्रक चालक फतेहपुर निवासी धारा सिंह चंद मिनट पहले ही ट्रक से निकला था अन्यथा उसकी जान पर बन आती।
पेड़ की चपेट में आकर तोता टांडा बिजलीघर को सप्लाई देने वाली लाइन के तीन खंभे टूट गए तथा दून हाईवे बाधित हो गया। आधी रात के बाद पेड़ हटाए जाने पर आवागमन शुरू हो सका। उधर, लाइन टूटने से बृहस्पतिवार शाम पांच बजे तक बिहारीगढ़ कस्बे सहित 18 गांवों की बिजली गुल पड़ी थी।
इसके अलावा फतेहपुर सीएचसी और दर्जन भर अन्य गांवों की बिजली भी रात भर गुल पड़ी रही। जेई अभिषेक राज ने बताया कि देर शाम तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। वहीं बिजली न होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।