सहारनपुर। मालगाड़ियों के अलग संचालन को लेकर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनाया जा रहा है। तल्हेड़ी से सहारनपुर में अस्पताल पुल तक पत्थर बिछाने का काम पूरा कर लिया है। अब मशीन से लेवल को बराबर किया जाएगा।
कोलकाता से पंजाब के लुधियाना तक डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनाया जा रहा है। इस पर केवल मालगाड़ियों का ही संचालन होगा। इसके बनने से यात्री ट्रेनें आउटर और लेट नहीं होंगी। पिछले दिनों खुर्जा से खतौली तक ट्रैक पर ट्रेन को दौड़ाकर ट्रायल किया गया था। उसके बाद सरसावा में बन रहे न्यू पिलखनी स्टेशन तक भी ट्रैक पर मालगाड़ी से ट्रायल किया था।
एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर रमन चौधरी ने बताया कि तल्हेड़ी से सहारनपुर तक की दूरी करीब 22 किलोमीटर है। इस बीच डीएफसी पर पत्थर बिछा दिए हैं। अस्पताल पुल तक पत्थर डाले गए हैं। अब मशीन के जरिए इन पत्थरों को बराबर किया जाएगा। जैसे ही यह काम खत्म हो जाएगा, उसके बाद स्लीपर डाले जाएंगे।