प्रशासन और विकास प्राधिकरण की ओर से की जा रही सख्ती से ट्रांसपोटर्स में हडकंप मचा रहा। कई ट्रांसपोटर्स ने अपना कारोबार टीपी नगर से शुरू कर दिया है, जबकि अन्य ने जल्द शिफ्ट होने का वादा किया है।
डीएम से शनिवार की रात मिलने पहुंचे ट्रांसपोटर्स ने दावा किया कि शहर से लोडिंग और अनलोडिंग नहीं हो रही है। दो-तीन दिन के अंदर सभी टीपी नगर से कारोबार शुरू कर देंगे। विकास प्राधिकरण के वीसी ने शनिवार को टीपी नगर का दौरा कर कारोबारियों की शिफ्टिंग देखी।
प्रशासन और विकास प्राधिकरण की ओर से चल रही संयुक्त कार्रवाई शुक्रवार रात भी जारी रही। टीम ने जिलाधिकारी पवन कुमार और एसएसपी प्रदीप यादव के नेतृत्व में शहर का दौरा किया। कई दिनों से हो रही सख्ती से ट्रांसपोटर्स में हड़कंप मचा रहा। सख्ती को देख ट्रांसपोर्ट व्यवसायी एकत्र होकर घंटाघर पर उच्चाधिकारियों ने मिलने पहुंचे। कारोबारियों ने भरोसा दिलाया कि अब शहर से लोडिंग और अनलोडिंग का कार्य नहीं हो रहा है।
जिलाधिकारी ने ट्रांसपोटर्स से जल्द ही टीपी नगर से कारोबार शुरू करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि इसमें कोताही बरते वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस पर कारोबारियों ने कहा कि दो तीन दिन में तमाम ट्रांसपोटर्स टीपी नगर में शिफ्ट हो जाएंगे।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि शिफ्ट करने का वादा करने वाले ट्रांसपोटर्स को शहर में रुका हुए माल उठाने की अनुमति दे दी गई है। शहर से सभी ट्रांसपोटर्स के टीपी नगर में शिफ्ट होने तक कार्रवाई जारी रहेगी।
बीच शहर से किसी भी सूरत में ट्रांसपोर्ट कारोबार नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट राकेश गुप्ता, एसपी सिटी संजय सिंह, एसपी ट्रैफिक ओमवीर सिंह, सीओ प्रथम सुनीति, विकास प्राधिकरण के एई अनिल माथुर एवं एनपी सिंह आदि मौजूद रहे।