संवाद न्यूज एजेंसी
छुटमलपुर । सेवानिवृत्त पुलिस क्षेत्राधिकारी के साथ अभद्रता के आरोपों से घिरे फतेहपुर थानाध्यक्ष विनय शर्मा को एसएसपी अभिनंदन ने लाइन हाजिर किया है। सोमवार को ही उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर कल्याण संस्थान के पदाधिकारियों ने मेरठ में एडीजी भानु भास्कर से मिलकर प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई की मांग की थी।
बता दें कि गंगा नगर मेरठ निवासी सेवानिवृत्त सीओ सुरेशवीर सिंह ने 10 अप्रैल को एसएसपी अभिनंदन को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि वह एक सिक्योरिटी कंपनी में सुरक्षा अधिकारी हैं। 22 मार्च की रात बडेढ़ी घोघु स्थित मोबाइल टावर से बैटरी के सेल चोरी होने की रिपोर्ट लिखाने दस अप्रैल को फतेहपुर थाने गए थे। आरोप है कि परिचय देने के बावजूद थानाध्यक्ष विनय शर्मा ने उनके साथ अभद्रता करते हुए कालर पकड़ कर धक्के दिए और थाने के गेट पर लाकर छोड़ दिया गया।
इस मामले में एसएसपी के निर्देश पर चोरी की रिपोर्ट तो दर्ज कर ली गई थी तथा रिपोर्ट में एसओ पर लगाए गए आरोपों का भी जिक्र किया गया था, लेकिन उनका नाम अभियुक्त वाले काॅलम में नहीं लिखा गया था।
इस मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर कल्याण संस्थान के पदाधिकार अभियान चलाए थे। उन्होंने पश्चिमी यूपी के जिलों में सभी कप्तानों को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी।
सोमवार को भी संस्थान के पदाधिकारी एजीडी भानू भास्कर से मिले और उन्हें बताया कि गंभीर आरोप लगने के बाद भी थानाध्यक्ष अभी तक चार्ज पर बने हैं। इसके बाद एसएसपी ने विनय शर्मा को लाइन भेज दिया।