सहारनपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष तस्मीम बानो ने कहा कि श्री शाकंभरी देवी मेले का आयोजन 17 अक्तूबर से किया किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए कोविड गाइड लाइन का पालन कराया जाएगा।
बृहस्पतिवार को जिला पंचायत सभागार में श्री शाकंभरी देवी मेले की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि मेले के भव्य आयोजन में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम से सैनिटाइजर एवं अन्य चीजें मिलेंगी। नाला खोदाई का कार्य जिला पंचायत करेगा। प्रशासन जेसीबी की व्यवस्था करेगा। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार ने कहा कि मेले में कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां पुख्ता होनी चाहिए। मेला स्थल पर पांडाल, बल्ली आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा हर संभव मदद की जाएगी। मेला क्षेत्र में प्रशासन 30 मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था कराएगा, जो नगर निगम, नगर पंचायत, नगर पालिकाओं से मंगवाए जाएंगे। जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी डॉक्टर सुमनलता ने कहा भूरादेव तक जो बल्लियां लगेंगी, सब पर निशान लगाए जाएंगे। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था जिला पंचायतराज अधिकारी द्वारा की जाएगी। भूरा देव से आगे कोई ट्रैक्टर-ट्राली न जाए, इसके लिए पुलिस प्रशासन समुचित करेगा। सीओ बेहट विजयपाल सिंह, सहायक अभियंता जल निगम नरेश गुप्ता, एसओ मिर्जापुर अमरदीप, पारस नाथ गुप्ता, सुशील कुमार, मुल्कीराज सैनी आदि रहे।