सहारनपुर। मेला गुघाल स्थल पर पैठ लगाने के लिए शनिवार को केवल 180 पंजीकृत विक्रेताओं को ही जगह का आवंटन हो सका। लॉटरी के दौरान चिह्नित किए गए सभी 1,250 विक्रेताओं को आमंत्रित किया गया था।
महानगर को अतिक्रमण और जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम मंगल बाजार को मेला गुघाल स्थल पर शिफ्ट कर रहा है। इसके लिए रायवाला, जुबली पार्क, नेहरू मार्केट, लोहानी सराय, शहीद गंज आदि से 1,250 पथ विक्रेता चिह्नित किए गए हैं, जो केवल मंगल के दिन सामान बेचते हैं। चिह्नित किए गए सभी पथ विक्रेताओं को मेला गुघाल स्थल पर जगह आवंटित करने के लिए शनिवार को जनमंच प्रेक्षागृह में लॉटरी निकाली गई।
शर्त के अनुसार जगह उसी पथ विक्रेता को आवंटित की जानी थी, जिसका नाम सर्वे के दौरान लिखे गए नामों में शामिल होगा। उसका नगर निगम में पंजीकरण होगा या फिर पथ पंजीकरण की रसीद होगी। शनिवार को पहुंचे ज्यादातर लोगाें के पास इनमें से कुछ नहीं था। जिन लोगों ने संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए उनकी लॉटरी निकाली गई और स्थान आवंटित किए गए। प्रभारी संपत्ति अधिकारी सुधीर शर्मा ने बताया कि अगली लॉटरी सोमवार को सुबह दस बजे से जनमंच में ही निकाली जाएगी। जिन पथ विक्रेताओं के पास पंजीकरण नंबर, मंगलवार की पथ विक्रेता की रसीद आदि होगी केवल वही पहुंचें।
शामली कलक्ट्रेट में हिंदू संगठनों द्धावारा आयोजित धरना प्रदर्शन में मौजूद महिलाएं । संवाद