- सरसावा थाने का घेराव करने के मामले में होगी पेशी
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। सरसावा थाने का घेराव करने के मामले में कैराना के सपा विधायक नाहिद हसन पर बृहस्पतिवार यानि आज चार्ज फ्रेम होंगे। एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट में उनकी बृहस्पतिवार को पेशी है। ग्रामीण को धमकी देने के मामले में सपा विधायक पर पहले ही चार्ज फ्रेम हो चुके है। इस मामले में भी गवाही शुरू होगी।
विशेष लोक अभियोजक गुलाब सिंह ने बताया कि कैराना के सपा विधायक नाहिद हसन के खिलाफ वर्ष 2018 में गंगोह कोतवाली में गंगोह निवासी अरशद ने धमकी देने का मामला दर्ज कराया था। आरोप था कि एक मुकदमे को लेकर सपा विधायक ने उसे फोन पर देख लेने की धमकी दी थी। इसके अलावा वर्ष 2010 में सरसावा थाने का घेराव करने का भी मामला सरसावा थाने पर सपा विधायक के खिलाफ दर्ज है। दोनों मुकदमे अब यहां एडीजे मयंक प्रकाश की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में चल रहे है। दोनों मामलों में गत 27 मार्च को सपा विधायक नाहिद हसन अदालत में पेश हुए थे। न्यायाधीश मयंक प्रकाश ने धमकी देने के मामले में सपा विधायक पर चार्ज फ्रेम किए थे, जबकि सरसावा थाने के घेराव के मामले में सभी नौ आरोपी पेश नहीं हो सके थे, जिस कारण इस मुकदमे में उन पर चार्ज फ्रेम नहीं हो सके थे। अदालत ने इसके लिए सपा विधायक समेत सभी आरोपियों को 27 अप्रैल को स्वयं पेश होने के आदेश दिए थे। विशेष लोक अभियोजक ने बताया कि बृहस्पतिवार यानि आज सरसावा थाने के घेराव के मामले में सपा विधायक पर चार्ज फ्रेम होगा, जबकि धमकी देने वाले मामले में यह मुकदमा ट्रायल पर आ गया है, जिसमें गवाही होगी।