सरसावा। थाना क्षेत्र के गांव असदपुर में सोमवर रात घर से लापता अक्सा (19) मंगलवार को गांव सैदपुरा जाने वाले रास्ते पर बेसुध हालत में पड़ी मिली। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। युवती ने जहरीला पदार्थ खा कर जान दी है। उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत की जिम्मेदार स्वयं को बताते हुए मम्मी पापा से माफी मांगी है।
युवती के चचेरे भाई शमशाद ने बताया कि अक्सा सोमवार रात अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मंगलवार को थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
दोपहर के समय युवती के पिता को एक राहगीर ने सूचना दी कि अक्सा गांव सैदपुरा जाने वाले रास्ते पर बेहोशी की हालत में पड़ी है। परिजन उसे तत्काल यमुनानगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए भेजा। अक्सा ने इस साल कक्षा 12 की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी।
सीओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि युवती की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। उसके पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें लिखा है मम्मी पापा साॅरी, मैं अपनी मौत की जिम्मेदार खुद हुं। मेरे भाई बहनों का ध्यान रखना। किसी की कोई गलती नहीं है। सुसाइड नोट पर उसने घर का मोबाइल नंबर भी लिखा था। हालांकि अभी आत्महत्या करने की वजह सामने नहीं आई है। संवाद