अमर उजाला लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को लेकर नगर निगम के अधिकारी ज्यादा गंभीर नहीं
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नगर निगम के अधिकारियों की अनदेखी के कारण स्मार्ट सिटी के शौचालयों की हालत खराब है। 19 नवंबर को विश्व शौचालय दिवस है। ऐसे में महानगर के शौचालयों में नगर निगम की सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की पड़ताल के लिए अमर उजाला ने लाइव किया। कहीं शौचालयों पर बनने के बाद से ताले जड़े हुए मिले तो कहीं सफाई नहीं होने की वजह से गंदगी इस कदर भरी है कि लोग इस्तेमाल करने से भी कतराते हैं। ज्यादातर शौचालयों में पानी की टोटियां, शीट, यूरिन पोट और निकासी के पाइप टूटे पड़े हैं।
नगर निगम की बगल में गांधी पार्क में करीब तीन साल पहले यूरिनल बनाया गया था। इस पर करीब दो लाख रुपये का खर्च आया था। लेकिन बनने के बाद से नगर निगम ने यूरिनल की सफाई कराने की जरूरत नहीं समझी है। नतीजा यह है कि पानी की व्यवस्था चौपट है। पूरे यूरिनल के भीतर मिट्टी और गंदगी भरी है। नगर निगम ने जुबली पार्क में एक पिंक शौचालय बनाया हुआ है। करीब चार साल पहले इसका लोकार्पण किया गया था, लेकिन उक्त शौचालय चार ही साल में जर्जर हो चुका है। अंदर गंदा पानी भरा है। एक टूटा हुआ फोल्डिंग रखा हुआ है। लाइव के दौरान महिला की बजाय एक पुरुष अंदर से निकलता हुआ मिला। इसी की बगल में बने यूरिनल में पानी तक नहीं है। इसकी वजह से दुर्गंध इस कदर है कि लोग इससे हटकर खुले में लघुशंका करते नजर आए।
किशनपुरा में एक शौचालय ताला जड़ा मिला। पहले से संचालित शौचालय के पाइप टूटे मिले। जनता रोड स्थित चक हरेटी स्थित शौचालय में भी निकासी के पाइप टूटे मिले। गंदगी के कारण लोग इसका भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।
महिलाओं के लिए बड़ी समस्या
नगर निगम के अधिकारी बीते तीन साल से पांच पिंक शौचालय बनाने की बात कहते आ रहे हैं, लेकिन अभी तक शौचालय बनकर तैयार नहीं हुए हैं। इसकी वजह से बाजार में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
6.5 लाख आबादी पर 77 शौचालय
महानगर की आबादी करीब 6.5 लाख है। इतनी आबादी के लिए महानगर में केवल 77 शौचालय बने हैं, जिनमें 31 सामुदायिक और 46 सार्वजनिक शौचालय शामिल हैं। खास बात यह है कि 77 शौचालयों में से भी कइयों पर ताले जड़े हैं। ऐसे में स्वच्छ भारत मिशन का सपना पूरी तरह साकार नहीं हो पा रहा है।
शौचालयों की नियमित सफाई की जिम्मेदारी संबंधित सफाई निरीक्षकों की है। इसके अलावा कुछ शौचालयों में टूट फूट है, जिसके लिए निर्माण विभाग को पत्र लिखा हुआ है। मरम्मत के बाद ही सफाई कार्य हो सकेगा। सफाई निरीक्षकों के साथ बैठक कर शौचालयों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
- अशोक प्रिय गौतम, प्रभारी, नगर स्वास्थ्य विभाग/सहायक नगर आयुक्त