जनपद की ग्राम पंचायतों में चार-चार सदस्यों की टीम करेगी ऑडिट
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जनपद की ग्राम पंचायतों में मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत हुए कार्यों का सोशल ऑडिट होगा। प्रथम चरण में देवबंद, सढ़ौली कदीम और सरसावा विकास खंड की ग्राम पंचायतों का ऑडिट होगा। इसके बाद अन्य ब्लॉकों में हुए कार्यों का ऑडिट भी चार-चार सदस्यों की टीम करेगी।
निदेशक सोशल ऑडिट निदेशालय ग्राम्य विकास विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए सोशल ऑडिट कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि मनरेगा व प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत हुए कार्यों का शत-प्रतिशत ऑडिट होगा। इसके लिए चार-चार सदस्यों की टीम खुली बैठक आयोजित करेंगी। वे विकास कार्य देखेंगी। वहीं, पात्रों से भी फीडबैक लिया जाएगा। इसके लिए ग्राम सचिव और ब्लॉक स्तर के अधिकारी ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर ग्रामीणों को ऑडिट के बारे में जानकारी देंगे। जिससे वे बैठक में शामिल रह सकें।
सीडीओ विजय कुमार ने बताया कि इनके अतिरिक्त बैठक में ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, तकनीकी सहायक, ग्राम रोजगार सेवक, मेट एवं कार्यदायी विभागों के संबंधित अधिकारी, कर्मचारीगण मौजूद रहेंगे। सोशल ऑडिट की बैठक की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके पश्चात कार्यों के बारे में मिली जानकारी को केंद्र व राज्य सरकार की वेबसाइट अपलोड किया जाएगा। कहीं पर अगर खामियां रह गई हैं तो उन पर भी चर्चा होगी और लोगों के सुझाव भी लिए जाएंगे। सोशल ऑडिट की बैठक के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी।