सहारनपुर। जिले में डेंगू और चिकनगुनिया के मामले बढ़ने लगे हैं। अब तक डेंगू-चिकनगुनिया के चार मामले सामने आ चुके हैं। मौसम बदलने से डेंगू के केस और बढ़ेंगे। क्योंकि सितंबर और अक्तूबर माह डेंगू मच्छरों के लिए मुफीद रहता है। डेंगू मच्छर साफ पानी में पनपता है।
जिले में पिछले तीन दिनों से बारिश रुक-रुककर होती रही। जिसके चलते जगह-जगह जलभराव हुआ है। बदलता मौसम स्वास्थ्य विभाग की बेचैनी बढ़ा रहा है। बारिश के बाद धूप निकलने से डेंगू का प्रकोप बढ़ेगा। पिछले साल डेंगू के 435 केस सामने आए थे। इस साल अब तक तीन मामले डेंगू और एक केस चिकनगुनिया का चुका है। सितंबर व अक्तूबर में डेंगू और भी खतरनाक हो सकता है। इसे देखते हुए विभाग ने एसबीडी जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू मरीजों के लिए वार्ड आरक्षित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की सर्वें रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 300 से अधिक घरों में डेंगू का लार्वा मिल चुका है।
उधर, जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि डेंगू को लेकर विभाग अलर्ट है। बुखार के संदिग्ध मरीजों की डेंगू जांच कराई जा रही है, जो राजकीय मेडिकल कॉलेज और एसबीडी जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में एलाइजा मशीन से होती है। अब तक डेंगू के तीन केस मिले हैं।