सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत विद्यालयों में तैयार की जा रही स्मार्ट क्लास को आईसीसीसी (इंटीग्रेटिड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) से जोड़ा जाएगा। जिसके बाद एक ओर जहां सेंटर में बैठकर कक्षाओं की मॉनिटरिंग की जा सकेगी। वहीं दूसरी ओर शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों को आईसीसीसी के जरिए सभी कक्षाओं में एक साथ प्रसारित भी किया जा सकेगा।
योजना के तहत महानगर के 20 सरकारी विद्यालयों में 22 स्मार्ट क्लास चलाई गईं हैं। इसमें कार्यदायी संस्था ने संबंधित विद्यालयों से एक-एक कमरे का चयन कर उसमें फॉल सीलिंग, फर्श और फर्नीचर देने के साथ ही स्मार्ट बोर्ड लगाए हैं। दूसरे चरण में महानगर के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों को भी स्मार्ट सिटी में लिया गया है। इसके तहत राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पुल जोगियान में 24 कक्षाओं को स्मार्ट क्लास के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें 15 कक्षाएं राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट और नाक कक्षाएं राजकीय कन्या इंटर काॅलेज पुल जोगियान में हैं।
यह कार्य अप्रैल 2024 तक पूर्ण करना है, जिससे कि एक अप्रैल 2024 से शुरू होने वाले सत्र से उक्त कक्षाओं का संचालन किया जा सके। खास बात यह है कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकसित की जा रही सभी स्मार्ट क्लास को आईसीसीसी से जोड़ा जाएगा। जिसके बाद एक ही जगह से कोई भी शिक्षक या विशेषज्ञ बैठकर सभी कक्षाओं को संबोधित कर सकेगा या पढ़ा सकेगा। शैक्षिक कार्यक्रम भी स्मार्ट बोर्ड के जरिए एक साथ प्रसारित किए जा सकेंगे।
- फिलहाल पहले चरण में बनाई गई 22 स्मार्ट क्लास को आईसीसीसी से जोड़ने की योजना है, जिससे सभी कक्षाओं को एक साथ एड्रेस किया जा सके और शैक्षिक कार्यक्रम एक साथ प्रसारित किए जा सके। माध्यमिक विद्यालयों की कक्षाएं पूर्ण होने के बाद उनके बारे में सोचा जाएगा। - अमरेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता, स्मार्ट सिटी सहारनपुर।